मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा गोंड जनजातीय समुदाय के गौरवशाली इतिहास, परंपरा एवं चरित नायकों के योगदान को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से अनूपपुर जिले के चारों विकासखंडों में तीन दिवसीय जननायक समारोह आयोजित किए जाएंगे। समारोह में राजा पेमलशाह, राजा लोहगुंडी एवं राजा हिराखान सिंह छत्री के जीवन, व्यक्तित्व एवं ऐतिहासिक योगदान पर केंद्रित सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड पुष्पराजगढ़ में 19 से 21 नवम्बर, जैतहरी में 23 से 25 नवम्बर, कोतमा में 27 से 29 नवम्बर तथा अनूपपुर में 1 से 3 दिसम्बर 2026 तक जननायक समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा द्वारा विकासखंडवार नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पुष्पराजगढ़ में अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री वसीम अहमद भट्ट को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री हरिश्चंद्र दुबेदी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जैतहरी में अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री कमलेश पुरी नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री कृष्ण कुमार रैकवार सहायक नोडल अधिकारी होंगे। कोतमा में अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री टी.आर. नाग नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुश्री शीतल ठाकुर सहायक नोडल अधिकारी रहेंगी। अनूपपुर में अनुविभागीय दंडाधिकारी सुश्री प्राशी अग्रवाल नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री रवि ग्वाल सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
संस्कृति विभाग द्वारा समारोह के लिए कलाकारों को आमंत्रित करने, ध्वनि व्यवस्था, बैठक व्यवस्था एवं प्रचार सामग्री की व्यवस्था की जा रही है। वहीं स्थानीय स्तर पर समारोह स्थल का आरक्षण, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, लगभग 50 कलाकारों के आवास एवं प्रचार-प्रसार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संस्कृति विभाग से समन्वय स्थापित कर निर्धारित तिथियों में जननायक समारोह के सफल आयोजन व आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।


