किसी भी फैक्ट्री या उद्योग की असली ताकत उसकी मशीनें नहीं, बल्कि उन मशीनों को चलाने वाले श्रमिक भाई होते हैं। उद्योग का विकास तभी सार्थक है, जब उसके साथ वहां कार्य करने वाले श्रमिकों का भी विकास हो, उन्हें सम्मान मिले, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो और उनके अधिकारों का पूरा लाभ मिले। यह विचार कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने नरसिंहगढ़ माइसेम सीमेंट फैक्ट्री के निरीक्षण के दौरान व्यक्त किए।

कलेक्टर श्री यादव ने कहा पिछली बार फैक्ट्री के भ्रमण के दौरान श्रमिकों की कुछ समस्याएं सामने आई थीं। उन समस्याओं के समाधान, श्रमिकों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए फैक्ट्री प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा हाल ही में श्रमिकों से मुलाकात के दौरान उनके चेहरों पर मुस्कान और संतोष देखकर प्रसन्नता हुई। इससे स्पष्ट हुआ कि प्रबंधन द्वारा निर्देशों का पालन किया गया है और श्रमिकों को उसका लाभ मिलने लगा है।

वेतन में वृद्धि से श्रमिकों को प्रतिमाह आर्थिक लाभ

कलेक्टर ने कहा कि माइंस और क्रशर में कार्य करने वाले श्रमिकों के वेतन में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। पहले जहां हाई स्किल्ड श्रमिकों को लगभग 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था, वहीं केंद्र सरकार की दरें लागू होने के बाद यह राशि बढ़कर 31 हजार रुपये से अधिक हो गई है। इससे संबंधित श्रमिकों को प्रतिमाह 11 हजार रुपये से अधिक का अतिरिक्त लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के वेतन में औसतन 36 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा श्रमिकों के पुराने एरियर्स का भी निर्धारण कराया गया है। 50 लाख रुपये से अधिक की एरियर्स राशि का भुगतान किया जा रहा है, जिससे वर्ष 2025-26 से देय राशि का लाभ श्रमिकों को मिल सकेगा। कलेक्टर के अनुसार, वेतन वृद्धि और अन्य लाभों के माध्यम से श्रमिकों को प्रतिवर्ष एक करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक का अतिरिक्त आर्थिक लाभ होने की बात कही गई है।

श्रमिकों को निःशुल्क टूल किट और सुरक्षा उपकरण

कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि श्रमिकों को उनके कार्य के अनुरूप टूल किट और सुरक्षा उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाने लगे हैं। इसके साथ ही कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की राशि नियमित और व्यवस्थित रूप से जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रमिकों को भविष्य में अपने अधिकारों का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने कहा श्रमिकों के उपचार की व्यवस्था को भी पहले की तुलना में बेहतर किया गया है। श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

नई मेस, चार रेस्ट रूम और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था

श्री यादव ने कहा निरीक्षण के दौरान श्रमिकों की भोजन संबंधी समस्या भी सामने आई थी। पहले श्रमिकों को भोजन के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब उनके लिए नई मेस तैयार की गई है। यहां बेहतर डाइनिंग टेबल के साथ टीवी और एलईडी की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रमिक सुविधाजनक वातावरण में बैठकर नाश्ता और भोजन कर सकें।

इसके अतिरिक्त श्रमिकों की सुविधा के लिए चार रेस्ट रूम बनाए गए हैं तथा फैक्ट्री परिसर में 15 आरओ लगाए गए हैं। इससे श्रमिकों को विभिन्न कार्यस्थलों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साइकिल और मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।

श्रमिकों के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार आवश्यक

कलेक्टर श्री यादव ने कहा श्रमिकों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जिसमें प्रत्येक श्रमिक स्वयं को सम्मानित और सुरक्षित महसूस करे। किसी को यह नहीं लगना चाहिए कि वह श्रमिक है और कोई अन्य व्यक्ति उससे ऊपर है। सभी के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार होना चाहिए।

उन्होंने कहा श्रमिकों के साथ संवाद बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन समय-समय पर फैक्ट्री का भ्रमण करेगा, श्रमिकों से चर्चा करेगा और उनके सुख-दुख तथा समस्याओं की जानकारी लेगा। यदि किसी श्रमिक को कोई परेशानी होती है, तो उसके समाधान के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

कलेक्टर ने कहा श्रमिकों को यह विश्वास होना चाहिए कि जिले का प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने श्रमिकों के साथ भोजन करने और उनके बीच बैठकर संवाद करने को भी समानता, अपनत्व और सम्मान की भावना से जोड़ा। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से अपेक्षा की कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और सुविधाओं का पूरा लाभ मिलता रहे।

एक श्रमिक केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार और समाज के लिए महत्वपूर्ण है- कलेक्टर श्री यादव

सुरक्षा सर्वोपरि, उत्पादन के लिए जोखिम न लें

कलेक्टर ने श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में उत्पादन बढ़ाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर काम नहीं करना चाहिए। एक श्रमिक केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार और समाज के लिए महत्वपूर्ण है। उसका परिवार उसकी सुरक्षित वापसी की आशा करता है।

उन्होंने कहा यदि उत्पादन कार्य में एक मिनट की देरी हो जाती है या उत्पादन में कुछ कमी रह जाती है, तो उसकी भरपाई अगले दिन अधिक मेहनत करके की जा सकती है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। प्रत्येक श्रमिक को सावधानीपूर्वक कार्य करना चाहिए और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

संवाद और सहयोग से समस्याओं का समाधान करें

कलेक्टर श्री यादव ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, समयबद्धता और सावधानी के साथ निभाएं। साथ ही, यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है, तो उसे बातचीत और आपसी सहयोग के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा फैक्ट्री का विकास प्रबंधन और श्रमिकों के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है। दोनों के बीच विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय होना आवश्यक है। फैक्ट्री प्रबंधन को भी श्रमिकों के अधिकारों और हितों का पूरा ध्यान रखना चाहिए, ताकि श्रमिक बेहतर वातावरण में काम कर सकें और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।

कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए फैक्ट्री प्रबंधन आगे भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों का हित, उनकी सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।