कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा जिले के नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत कुम्हार समुदाय के परम्परागत माटी शिल्पियों को उनके द्वारा निर्मित मिट्टी की मूर्तियों, दीपक, खिलौने एवं सजावटी सामान के विक्रय हेतु उचित स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली सहित अन्य पारम्परिक त्योहारों के अवसर पर माटी शिल्पियों द्वारा निर्मित मिट्टी के उत्पाद विक्रय हेतु बाजार में लाए जाते हैं। ये उत्पाद शिल्पियों के जीविकोपार्जन का आधार हैं। त्योहारों के अवसर पर माटीकला क्षेत्र से जुड़े शिल्पियों एवं कारीगरों को नगरीय निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट बाजारों में उचित स्थान नहीं मिल पाता है। शिल्पियों की आय अल्प होने के साथ ही स्थानीय निकायों द्वारा उनसे विभिन्न प्रकार के कर भी वसूले जाते हैं। इसके अलावा मिट्टी से निर्मित उत्पाद काफी नाजुक होते हैं।
कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा निर्देशित किया गया है कि परम्परागत माटी शिल्पियों को उनकी मिट्टी की माता जी की मूर्तियों, दीपक, खिलौने एवं सजावटी सामान आदि के विक्रय के लिए स्थानीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट बाजारों में उचित स्थान उपलब्ध कराकर विक्रय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, इन शिल्पियों से किसी भी प्रकार की कर वसूली नहीं की जाए, ताकि मिट्टी की मूर्तियों, दीपक एवं सजावटी सामान के उपयोग को प्रोत्साहन मिल सके।


