कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पराली प्रबंधन, आगामी वृहद रोजगार मेला, जनविश्वास शिविर, टीएल पत्रक तथा सीएम हेल्पलाइन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री धोटे ने बताया कि आगामी 28 नवंबर को जिले में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभी से आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में चुटका परियोजना से विस्थापित होने वाले एवं विस्थापित हो चुके परिवारों, बसनिया परियोजना के प्रभावितों तथा स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्रदाता कम्पनियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने आगामी 20 नवंबर को मवई विकासखंड के ग्राम पंचायत घुटास में आयोजित होने वाले जनविश्वास शिविर की सभी विभागीय तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को शत-प्रतिशत निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नॉन-अटेंडेंट शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना आरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त संबंधित अधिकारियों को ग्राम गौझी स्थित चुटका कॉलोनी का शिविर आयोजित कर वहाँ के निवासियों की समस्याएं सुनने व उनका निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने पराली जलाने से पर्यावरण व मिट्टी की उर्वरता को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए किसानों को जागरूक करने तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को प्रोत्साहित करने को कहा। मवई क्षेत्र में जंगली हाथी के मूवमेंट की सूचना पर कलेक्टर श्री धोटे एसीईओ को क्षेत्र में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने तथा विद्युत विभाग को दुर्घटना से बचाव हेतु आवश्यकतानुसार विद्युत कटौती करने के निर्देश दिए। बैठक में झंडा दिवस की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को 7 दिसंबर तक राशि जमा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डीएफओ श्री एमएस मौर्य, श्रीमती प्रिता एमएस, एडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नदीमा शिरी, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश कौशिक, श्रीमती क्षमा सराफ, श्रीमती रेखा देशमुख, श्री सचिन जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


