बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने वाले आयोजनों में जैसीनगर के गोवर्धन टोरिया पर लगने वाले पारंपरिक मेले का विशेष महत्व है। सैकड़ों वर्षों से आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक मेले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं सुरखी विधायक श्री गोविंद सिंह राजपूत प्रतिवर्ष पहुंचकर क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में सहभागिता करते हैं। इस वर्ष भी मंत्री राजपूत गोवर्धन मेले में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। मेले में मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत का पारंपरिक बुंदेली अंदाज देखने को मिला। उन्होंने बुंदेलखंड की प्रसिद्ध दिवारी परंपरा के अंतर्गत लोकगीत गैंयों की पूजा करो, भैंसों के करो श्रृंगार रे, और बैलों के खुर पुंजियो रे भैया, जे धरती के पालनहार गाकर पशुधन और किसानों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। इतना ही नहीं, मंत्री राजपूत मोनिया नृत्य कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ जमकर दिवारी नृत्य किया। उनके इस अंदाज ने मेले में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ा दिया। इस अवसर पर उन्होंने बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मोनिया नृत्य की प्रस्तुति देने वाले लोक कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। मंत्री रगोविंद सिंह राजपूत ने क्षेत्रवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही मेले में लगी स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की और लोगों को स्थानीय व्यापारियों से सामान खरीदने के लिए प्रेरित किया। गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, प्रकृति संरक्षण का संदेश भी अपने संबोधन में मंत्री श्री राजपूत ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति की ऐसी परंपरा है, जो हमें प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और कृषि के महत्व का एहसास कराती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का संदेश दिया था। भारतीय संस्कृति में गाय, गोवंश, धरती, जल, जंगल और पर्वत को विशेष महत्व दिया गया है। गोवर्धन पूजा हमें सिखाती है कि प्रकृति का संरक्षण करना और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति सम्मान रखना हमारा कर्तव्य है। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि आज के आधुनिक समय में जब पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस हो रही है, तब गोवर्धन पूजा का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। यह पर्व किसानों, पशुपालकों और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के महत्व को भी रेखांकित करता है। श्री राजपूत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि इस परंपरा को और भी आगे बढ़ाया जाये। अगली बार इस मेले में अलग से मंच बनाया जायेगा नृत्य प्रस्तुति के लिए। दिवारी गीत और मोनिया नृत्य बुंदेलखंड की पहचान मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि बुंदेलखंड की दिवारी परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अनमोल हिस्सा है। दिवारी गीतों में गौवंश, बैलों और पशुधन के प्रति सम्मान की भावना दिखाई देती है। किसान और पशुपालक हमारे समाज की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। हमारे पारंपरिक गीत और नृत्य इन्हीं जीवन मूल्यों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि लोक कलाकार हमारी संस्कृति के सच्चे संवाहक हैं। मोनिया नृत्य और दिवारी गीतों को जीवंत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों में सहभागिता से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। मेले हमारी संस्कृति और सामाजिक समरसता के परिचायक मंत्री राजपूत ने कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी प्राचीन सभ्यता और धार्मिक परंपराओं से ही नहीं, बल्कि गांव-गांव में आयोजित होने वाले मेलों और उत्सवों से भी है। स्थानीय मेले हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। जैसीनगर का गोवर्धन मेला सैकड़ों वर्षों से क्षेत्र की आस्था और परंपरा का केंद्र रहा है। यहां सभी वर्गों के लोग एक साथ जुटते हैं। इससे आपसी मेलजोल बढ़ता है, सामाजिक समरसता मजबूत होती है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। स्थानीय मेलों से छोटे व्यापारियों को मिलता है आर्थिक संबल स्थानीय मेलों के आर्थिक महत्व पर चर्चा करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि मेले छोटे दुकानदारों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण व्यापारियों के लिए रोजगार एवं आय के अच्छे अवसर लेकर आते हैं। जब हम स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदते हैं, तब हम केवल कोई वस्तु नहीं खरीदते, बल्कि किसी छोटे व्यापारी के परिवार की आजीविका को मजबूत करने में भी योगदान देते हैं। प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल अभियान को मिल रही मजबूती मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का जो संकल्प देशवासियों के सामने रखा है, उसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों और स्वदेशी उद्योगों को प्रोत्साहित करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ स्थानीय मेलों, उत्सवों और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने, परिवारों में खुशियां बांटने और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के अवसर हैं। हमारी संस्कृति, हमारे त्योहार, हमारे लोक कलाकार और हमारे स्थानीय व्यापारी ही हमारी असली पहचान हैं। इनका संरक्षण और प्रोत्साहन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मेला कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित हजारों की संख्या में आसपास के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जैसीनगर में आयोजित गोवर्धन मेले में शामिल हुए मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत
गोवर्धन पूजा प्रकृति, संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक: मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत दिवारी गीत गाकर मोनियो के साथ किया नृत्य, स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर दिया वोकल फॉर लोकल का संदेश
झकास डेस्क · 10 नवंबर 2026 · 7 मिनट


