दीपावली और देव उठनी एकादशी पर्व पर सतना शहर में पटाखा और आतिशबाजी लाइसेंसधारी फुटकर विक्रेताओं की दुकानें नारायण तालाब मेला ग्राउण्ड पर लगेंगी। सतना नगर एवं जिले के तहसील स्तरीय नगरों में लगाई जाने वाली पटाखा दुकानें, बिक्री एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अपर जिला मजिस्ट्रेट विकास सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को आवश्यक बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर पटाखा विक्रेताओं को विस्फोटक अधिनियम 1984, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908, विस्फोटक अधिनियम 2008 तथा सर्वाेच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। अपर कलेक्टर ने कहा कि कार्बाइड और चाइनीज पटाखों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे, एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, ग्रामीण एलआर जांगडे, डिप्टी कलेक्टर अनुराग तिवारी तथा पटाखा आतिशबाजी व्यवसायी उपस्थित थे। अपर जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में निर्णय लिया गया कि सतना शहर में आतिशबाजी, पटाखे की दुकानें, अस्थाई शेड में मेला ग्राउण्ड में लगेगी। यहां नगर निगम द्वारा लगभग 100 से अधिक अस्थाई शेड दुकानों का ले आउट तैयार किया गया है। विक्रेताओं के लिए नियत स्थल पर आतिशबाजी पटाखा भण्डारण, सुरक्षा व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, पुलिस व्यवस्था, बिजली सप्लाई, यातायात व्यवस्था, इन्ट्री और एक्सिट पृथक गेट की व्यवस्था की जायेगी। दीपावली, एकादशी पर्व पर जिले में निर्धारित विक्रय स्थल के अलावा अवैध रूप से आतिशबाजी के भण्डारण एवं विक्रय करने वालों पर सूचना मिलने पर कडी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। बैठक में दीपावली और एकादशी पर समय रात्रि 8 बजे से रात्रि 10 बजे के बीच ग्रीन फटाखों का ही उपयोग करने की अपील की गई है। आतिशबाजी विक्रेता 125 डेसीबल से ज्यादा आवाज वाले किसी भी प्रकार के पटाखे का विक्रय नहीं करेगा। सभी अस्थाई लाइसेंस प्राप्त दुकानदार अनुज्ञप्ति जारी करने में दी गई शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करेंगे। प्रत्येक दुकानदार सावधानी बरतने के साथ दो-दो बाल्टियों में पानी, रेत एवं अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखेंगे। नियत स्थान अथवा नियत अवधि के अलावा आतिशबाजी पटाखा विक्रय करने पर अनुज्ञप्ति निरस्त कर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। पटाखों की बिक्री रात 10 बजे तक ही की जा सकेगी। अस्थाई दुकानें आमने-सामने नहीं होंगी और एक दूसरे से 3 मीटर की दूरी पर रहेंगी। किसी दुकान से 50 मीटर की दूरी के क्षेत्र में आतिशबाजी का प्रदर्शन नहीं होगा तथा दुकानों में प्रकाश के लिए खुली बिजली बत्ती, गैस, तेल लैंप का प्रयोग नहीं किया जाएगा। पटाखा लाइसेंस धारियों को विस्फोटक अधिनियम का पालन दृढ़तापूर्वक करना होगा। इस मौके पर पटाखा व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं आतिशबाजी पटाखा विक्रेता भी उपस्थित थे।
नारायण तालाब मेला ग्राउण्ड में लगेंगी पटाखा दुकानें
व्यवस्थाओं के संबंध में विक्रेताओं की बैठक संपन्न
झकास डेस्क · 22 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट


