कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने ग्राम पचधार पहुंचकर पारंपरिक माटी कला का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी से बर्तन एवं घरेलू सजावटी वस्तुओं का निर्माण कर रहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीण कारीगरों से संवाद कर उनके कार्य, आजीविका एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं चाक चलाकर मिट्टी से वस्तुएं बनाने की प्रक्रिया को भी देखा तथा कारीगरों के पारंपरिक कौशल और कार्यशैली को जाना। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह भी उपस्थित रहीं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर श्रीमती मीना को अवगत कराया कि ग्राम पचधार में दशकों से मिट्टी से विभिन्न वस्तुएं बनाने की परंपरा चली आ रही है। पहले मुख्य रूप से मिट्टी के बर्तनों का निर्माण किया जाता था, लेकिन स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद प्रशिक्षण और मशीनों के उपयोग से अब आकर्षक सजावटी वस्तुएं भी तैयार की जा रही हैं। इससे पारंपरिक माटी कला को नया स्वरूप मिला है और उत्पादों की मांग स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ अन्य जिलों में भी बढ़ रही है।
इस दौरान सरस्वती आजीविका मिशन से जुड़ी दीदियों ने कलेक्टर श्रीमती मीना को बताया कि उन्हें विजयवाड़ा में आयोजित होने वाले सरस मेले में अपने उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिल रहा है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने इस उपलब्धि पर दीदियों को बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उनकी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने ग्रामीण कारीगरों से उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, आय के स्रोतों तथा कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों और आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने माटी कला से जुड़े ग्रामीणों के अनुभवों को जाना और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने आगामी दीपावली के अवसर पर जिला स्तर पर दीपोत्सव सह प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्राम पचधार के कारीगरों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिट्टी के दीपकों, पारंपरिक बर्तनों और आकर्षक सजावटी वस्तुओं को व्यापक मंच मिल सके। इस पहल से स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन को बढ़ावा देने के साथ कारीगरों की आय में वृद्धि और पारंपरिक माटी कला के संरक्षण के अवसर भी उपलब्ध होंगे।



