राज्य शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र युवा आवेदन कर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण एवं अन्य निर्धारित सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत खुदरा व्यवसाय एवं सेवा व्यवसाय स्थापित करने के लिए 50 हजार रुपये से लेकर 25 लाख रुपये तक तथा उद्योग (विनिर्माण) इकाई स्थापित करने के लिए 50 हजार रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक ऋण का प्रावधान है। योजना के तहत राज्य शासन द्वारा हितग्राहियों को वितरित ऋण पर 3 प्रतिशत की दर से अधिकतम सात वर्ष तक ब्याज अनुदान दिया जाता है। इसके साथ ही प्रचलित दर के अनुसार अधिकतम सात वर्षों तक ऋण गारंटी शुल्क की प्रतिपूर्ति का प्रावधान भी है।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं कक्षा उत्तीर्ण तथा वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है।
इच्छुक युवा परियोजना प्रतिवेदन, आधार कार्ड, समग्र आईडी, फोटो, बैंक पासबुक, कोटेशन, पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, शहडोल से संपर्क कर सकते हैं।


