सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘वडनगर–वाराणसी सेवा यात्रा’ का सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में आत्मीय स्वागत किया गया। ग्राम बघवार, मूर्तला, रामपुर नैकिन एवं चुरहट में आयोजित कार्यक्रमों में सेवा यात्रियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ संवाद किया। इस दौरान हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया गया तथा योजनाओं के प्रभाव और हितग्राहियों के अनुभवों पर संवाद हुआ।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सेवा संकल्प अभियान की भावना को जनसेवा और जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान इसी विचार को जमीन पर साकार करने का माध्यम है, जिसमें योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर यह जाना जा रहा है कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में क्या बदलाव आया है।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से आवास, स्वास्थ्य, किसान सहायता, स्वच्छ ईंधन, बैंकिंग सुविधा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा के माध्यम से इन योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल भाव ‘सेवा, संवाद और सहभागिता’ है। योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद के माध्यम से उनके अनुभव सामने आ रहे हैं और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि पात्र व्यक्ति किसी भी जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

गांव-गांव पहुंचा सेवा और संवाद का संदेश

ग्राम बघवार एवं मूर्तला में सेवा यात्रियों का स्वागत किया गया। कलश पूजन के साथ यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उनके साथ पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

रामपुर नैकिन में सेवा यात्रियों के साथ हितग्राहियों से संवाद कर विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए गए। हितग्राहियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव साझा किए। वहीं चुरहट में भी सेवा यात्रियों के साथ हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में रामपुर नैकिन नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू, नीरज मिश्रा, राजेश मिश्रा (राजा), रूपेश गुप्ता, ओपी सिंह, सतीश सोनी सहित जनप्रतिनिधि सेवा यात्री एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।