उमरिया 1 अक्टूबर। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 6 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद छूटे हुए लक्षित हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा खिलाने के लिए 9 अक्टूबर को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.एस. चंदेल ने बताया कि अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों तथा 20 से 49 वर्ष आयु वर्ग की प्रजनन आयु की महिलाओं को लक्षित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण एवं खून की कमी की समस्या हो सकती है। इससे थकावट रहती है तथा बच्चों और किशोर-किशोरियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कृमि मुक्ति अभियान से एनीमिया में कमी, पोषण में सुधार, बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ पढ़ाई-लिखाई और खेलकूद में उत्साह बढ़ाने तथा स्कूलों में उपस्थिति में सुधार में मदद मिलेगी।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन दशन् पन्द्राम ने बताया कि अभियान में शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं साथिया मुख्य सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेंगे। शासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों, निजी विद्यालयों, आदिवासी आश्रम-छात्रावासों, स्थानीय निकाय के विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों और निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर लक्षित हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराई जाएगी।